दुधवा टाइगर रिजर्व के पास रेलवे लाइन के किनारे मिला था घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दुधवा टाइगर रिजर्व के मैलानी रेंज में रेलवे लाइन के किनारे घायल शावक (बाघ का बच्चा) 10 मई को मिला था। सोमवार की भोर में उसे बेहतर इलाज के लिए शहीद अशफाक उल्लाह खां प्राणि उद्यान लाया गया। यहां चिड़ियाघर के पशु अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दुधवा नेशनल पार्क के वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने मैलानी रेंज के रेलवे लाइन के किनारे से इसका रेस्क्यू किया था। वहां पर इसका इलाज करने की कोशिश की गई, लेकिन चोट गंभीर होने की वजह से प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव संजय श्रीवास्तव के निर्देश पर इसे गोरखपुर पहुंचाया गया। शावक के गर्दन और पैर में चोट है, जिसकी वजह से वह सही से खड़ा नहीं हो पा रहा।
चिड़ियाघर के पशु चिकित्साधिकारी योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि रेस्क्यू सेंटर में रखकर शावक का उपचार किया जा रहा है। प्राणि उद्यान के निदेशक विकास यादव उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि रेलवे लाइन पार करते समय शावक को चोटें आई हैं। पैर जख्मी होने से अभी उसे खड़ा होने में परेशानी हो रही है। थकान की वजह से उसे एकांत में रखा गया है। वहां पर उसके भोजन-पानी की व्यवस्था कर दी गई है। जल्द ही वह स्वस्थ हो जाएगा।