गोरखपुर में औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज होने लगी है। अगले कुछ महीनों में गोरखपुर में करीब 345 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इन उद्योगों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब पांच हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
- प्लास्टिक उत्पाद के निर्माण के लिए करीब 5.5 एकड़ भूखंड मेसर्स तत्वा प्लास्टिक पाइप्स प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित किया गया है। यहां करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा, जिसमें करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
- मेसर्स क्वार्ट्ज ओपलवेयर को पांच एकड़ भूमि आवंटित की गई है। मुंबई के उद्योगपति रवींद्र अग्रवाल यहां जर्मन तकनीक एवं यूरोपियन मानक के ग्लासवेयर बनाएंगे। इसमें 50 करोड़ का निवेश होगा और करीब 400 लोगों को रोजगार मिलेगा।
- गीडा के सेक्टर 26 भीटी रावत में 30 एकड़ क्षेत्रफल में 11 भूखंडों का आवंटन विभिन्न उद्योगों के लिए किया गया है। रेडीमेड गारमेंट पार्क के तहत 12 एकड़ के 56 छोटे उद्यमियों को एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत भूखंड आवंटित हैं। इन इकाइयों में करीब 175 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 3000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
- आदित्य मोटर प्राइवेट लिमिटेड को पांच एकड़ भूमि दी गई है। यहां व्यावसायिक गाड़ियों का फैब्रिकेशन किया जाएगा। इसमें करीब 20 करोड़ का निवेश होगा और 20 लोगों को रोजगार मिलेगा।