रेलवे क्रिकेट मैदान में खेले गए ऑल इंडिया 20-20 लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी 2024 के मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। ऑल इंडिया प्राइजमनी 20-20 लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए पुल ए के मुकाबलों में इंदौर और पूर्वोत्तर रेलवे ने ग्रुप में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं जीत के बावजूद कम अंकों के कारण उत्तराखंड की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश नहीं कर सकी।
मंगलवार को पहले मैच में उत्तराखंड के कप्तान ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 210 रन का स्कोर खड़ा किया। उत्तराखंड के नीरज ने 32 गेंद में 44, विजय ने 10 गेंद में 29, कार्तिक ने 10 गेंद में 27 रन बनाए।
चंडीगढ़ के अमित लुबाना ने तीन विकेट, हर्षित ने दो विकेट और धनंजय, अर्पित और गगन ने एक-एक विकेट प्राप्त किए। जवाब में चंडीगढ़ की टीम 19.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 124 रन ही बना सकी। मैन ऑफ दी मैच का पुरस्कार उत्तराखंड के नीरज को डाॅ. अजीज अहमद ने दिया। इससे पहले मैच कर शुभारंभ ओलंपियन अर्जुन अवार्डी से सम्मानित प्रेम माया ने किया।
दूसरे मुकाबले में इंदौर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए। इंदौर के निखिल ने 26 गेंद में नाबाद 29 रन, अंजनेय ने 10 गेंद में 21 रन और विजय ने 28 रन बनाए। पूर्वोत्तर रेलवे के सौरभ दूबे और शिवम दीक्षित ने दो-दो विकेट झटके।
जवाब में पूर्वोत्तर रेलवे की टीम 18.5 ओवर में 107 रन ही बना सकी और मैच हार गई। मैन ऑफ दी मैच इंदौर के अनुज को चुना गया। इस अवसर पर डाॅ राजेश यादव, त्रिलोक रंजन, डाॅ. मुदित गुप्ता, डब्बू शुक्ल, शफीक अहमद सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।