हनुमानगढ़ी चौराहे पर स्थित इलेक्ट्रानिक समानों की खरीदारी करते लोग।संवाद
महराजगंज। सहालग में इलेक्ट्रॉनिक बाजार में रौनक लौट आई है। दुकानदारों ने टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल और किचन के सामान पर उपहार योजनाएं शुरू की हैं। जीएसटी में संशोधन के कारण इलेक्ट्रॉनिक सामानों के दाम कम हो गए हैं। ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं।
जीएसटी की दरों में संशोधन के बाद सरकार ने इलेक्ट्रानिक सामान पर टैक्स की दर 28 से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। इलेक्ट्रानिक सामान पर अब ग्राहकों को 10 प्रतिशत तक की बचत हो रही है।
इस बचत की वजह से बाजार सहालग का प्रभाव अभी से दिख रहा है। लोग इलेक्ट्रानिक सामान खरीद रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन शॉपिंग का चलन तेज होने के बाद भी शहर के बाजार में इन दिनों रौनक बनी हुई है। विस्मिल नगर के नरेंद्र वर्मा ने बताया कि बाजार में इलेक्ट्रानिक सामान अलग-अलग रेट के उपलब्ध है। बेटी की शादी के लिए जरूरी सामान की खरीदारी की है।
पहले के मुकाबले अब रेट सस्ते हुए हैं। कारोबारी सुमित कुमार वर्मा ने बताया कि ग्राहक एलईडी, वॉशिंग मशीन और होम थिएटर खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे है।