गोरखपुर। रामगढ़ताल के पानी में इन दिनों गंदगी और बदबू बढ़ गई है। इससे ताल के किनारे घूमने आ रहे पर्यटक बच्चे, सुबह टहलने वाले और राहगीर परेशान हैं। लोगों ने इस स्थिति पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है।
ताल किनारे आने वाले लोग पानी देखकर काफी निराश हो रहे हैं। उनका कहना है कि ताल की खूबसूरती अब गायब हो गई है। पानी का रंग हरा हो गया है और किनारे पर काई जम गई है। ताल में मछलियां भी मर गई हैं, जिससे बदबू और बढ़ गई है। ताल से होकर किनारे की तरफ हवा चलने पर बदबू से परेशानी महसूस हो रही है।
शहर के घरों से बड़ी मात्रा में गंदा पानी ताल में आता है। बारिश के दिनों में नालों के पानी के साथ साफ पानी भी ताल में आता है, जिससे ऑक्सीजन की मात्रा बनी रहती है। बारिश का मौसम खत्म होते ही पानी में ऑक्सीजन कम हो जाती है। फास्फोरस, नाइट्रोजन और पोटाश की मात्रा बढ़ने से पानी में काई जम जाती है। ऑक्सीजन की कमी से मछलियां मरकर सड़ने लगी हैं और बदबू बढ़ा रही हैं। वहीं गंदगी को दूर करने के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण ताल की सफाई करा रहा है। विभाग के अधिकारी जल्द ही वैज्ञानिक तरीकों की मदद लेने वाले हैं। आईआईटी रोपड़, पंजाब से संपर्क किया है।