गोरखपुर। विकास भवन में बुधवार शाम 4:30 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही। गुरुवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर नाजिर अमित द्विवेदी बिजली विभाग की टीम के साथ विकास भवन पहुंचे। जांच में पता चला कि बिजली के पोल से जंपर टूट गया है। इसे ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
करीब 12 बजे लोड बढ़ने के कारण फिर फॉल्ट हो गया और पूरे विकास भवन की बिजली गुल हो गई। बिजली जाते ही कार्यालयों में अंधेरा छा गया, कंप्यूटर बंद हो गए और सरकारी कामकाज ठप हो गया। भीषण गर्मी और उमस के कारण कर्मचारी भवन के बाहर समय बिताने को मजबूर रहे। इसके बाद बिजली विभाग की टीम ने फॉल्ट ठीक किया, लेकिन दोपहर करीब 3 बजे फिर बिजली चली गई। तीसरी बार शाम करीब 4:30 बजे फॉल्ट ठीक होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। शाम तक कुछ विभागों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी।
जिला विकास अधिकारी सतीश ने बताया कि अधिक लोड के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद बताया कि समस्या का स्थायी समाधान शुक्रवार को कराया जाएगा, ताकि आगे बिजली आपूर्ति बाधित न हो और विकास भवन के सभी विभागों में कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे।