गोरखपुर। सावन माह में शहर के बाजार में फलाहारी सामग्री और पूजन सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है। व्यापारियों का अनुमान है कि पूरे सावन माह में फलाहारी खाद्य पदार्थों और पूजन सामग्री का कुल कारोबार करीब दो करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
रविवार को गोलघर, रेती चौक, साहबगंज, बक्शीपुर, अलीनगर और प्रमुख मंदिरों के आसपास की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही, जिन्होंने पूजन सामग्री के साथ व्रत रखने वाले श्रद्धालु सिंघाड़े का आटा, कुट्टू का आटा, साबूदाना, मखाना, मूंगफली, सूखे मेवे, सेंधा नमक, फल और दूध-दही की खरीदारी कर रहे थे। वहीं भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए बेलपत्र, भांग, धतूरा, आक के फूल, गंगाजल, शहद, चंदन, अगरबत्ती, धूप, रुद्राक्ष माला और पूजा की अन्य सामग्री की मांग भी काफी बढ़ गई है।
सोमवार को जलाभिषेक के लिए भांग और बेलपत्र की अस्थायी दुकानें प्रमुख शिव मंदिरों के बाहर सज गई हैं। बेलपत्र की गड्डियां 20 से 50 रुपये तथा भांग 10 से 30 रुपये तक बिक रही है। फूल-माला और पूजन सामग्री विक्रेताओं के यहां भी ग्राहकों ने खरीदारी की। वहीं पूजा करने व व्रत में खाने के लिए ड्राई फ्रूट्स भी बिके। इसके साथ ही बाजार में फलों की भी खरीदारी लोगों ने की।
साहबगंज के व्यापारी व गोरखपुर किराना कमेटी के अध्यक्ष गोपाल जायसवाल ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। रविवार को बाजारों में फलाहारी समाग्री, ड्राई फ्रूट्स, पूजन सामग्री की खरीदारी लोग किए। पूरे महीने में लगभग दो करोड़ के कारोबार की उम्मीद है। वहीं पंकज सैनी ने बताया कि सावन को लेकर फूलों के बाजार में भी सोमवार को रौनक दिखेगी। श्रद्धालु फूल माला की खरीदारी करेंगे। ज्यादा तर मदार के फूल की माला लोग लेते हैं जो 50 रुपये में बिक रही है।