उनवल (गोरखपुर)। खजनी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर महुआडाबर चौकी क्षेत्र के कंदराई गांव के पास पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक दंपती को निशाना बनाते हुए महिला के कान से सोने की बाली झपट ली और भाग गए। भागते समय महिला के पति ने बाइक का नंबर नोट कर लिया, पुलिस इस नंबर के आधार पर जांच कर रही है।
हरिजनपुर निवासी दिलीप कुमार अपनी पत्नी के साथ बाइक से बरडाड चौराहे स्थित दुकान खोलने जा रहे थे। कन्दराई गांव के पास रुहा पैलेस और आरओएम स्कूल के बीच पीछे से आए पल्सर सवार बदमाशों ने महिला के कान से बाली खींच ली। शोर मचाने पर दंपतीने पीछा किया लेकिन बदमाश भाग निकले। दिलीप कुमार ने पुलिस को बताया कि एक बदमाश ने लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। एसएसआई डीएन सरोज ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करने का दावा किया है।