गोरखपुर। चिलुआताल इलाके के झुंगिया चूंगी फर्टिलाइजर रोड पर नाला निर्माण के लिए खोदाई करने पहुंची टीम पर रविवार को ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। उनकी मांग थी कि पहले मुआवजा दिया जाए इसके बाद वह रजिस्ट्री करेंगे। बाद में पुलिस ने तीन युवकों को बैठाया जिसके बाद खोदाई की गई।
जानकारी के अनुसार, इस रोड पर नाले का निर्माण होना है। लोगों की जमीन भी आ रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इनका चेक तैयार है। वे रजिस्ट्री करें तो उन्हें तुरंत दे दिया जाएगा। उधर, प्रभावित लोगों का कहना था कि पहले उन्हें मुआवजा मिले तब जाकर वे रजिस्ट्री करेंगे। इसी बीच रविवार की दोपहर एक बजे टीम नाला खोदाई के लिए पहुंची। इसे देख एक मकान की छत से कुछ लोगों ने जेसीबी पर पथराव शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोका और तीन लोगों को बैठा लिया। इसके बाद काम दोबारा शुरू हो सका। इस दौरान फर्टिलाइजर चौकी इंचार्ज आलोक दुबे, लोक निर्माण विभाग के एई वीरेंद्र यादव, जेई नागेंद्र मणि गुप्ता और लेखपाल विजय गुप्ता मौजूद रहे।