सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के तरकुलहा मोड़ स्थित एक होटल में बुधवार की सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यादव होटल हांडी मीट की दुकान के अंदर बने कमरे के पीछे टिनशेड की पाइप से एक 20 वर्षीय युवक का शव गमछे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने इसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बहराइच जिले के विशेशगंज थाना क्षेत्र स्थित टिकोरी गांव निवासी 20 वर्षीय प्रमोद के रूप में हुई। होटल मालिक राहुल यादव ने पुलिस को बताया कि प्रमोद पिछले एक वर्ष से उनके यहां भोजन बनाने का काम करता था। मंगलवार की रात वह रोजाना की तरह होटल बंद करके अपने घर चले गए थे। बुधवार की सुबह मजदूरों ने घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त होटल में काम करने वाले दो अन्य मजदूर भी उसी मकान में मौजूद थे।
सीओ गीडा केएन आनंद ने बताया कि प्रमोद होटल में मजदूरी करता था। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत होता है। परिजन को सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।