चौरीचौरा (गोरखपुर)। डुमरी खुर्द-लक्ष्मणपुर रोड स्थित मां वैष्णो ज्वेलर्स में शनिवार देर रात अज्ञात आरोपी सेंध लगाकर करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और दुकान में रखी नकदी चुरा ले गए। शनिवार सुबह दुकान खोलने पर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
हनुमंत नगर वार्ड नंबर-16, मुंडेरा बाजार निवासी मनोज वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां वैष्णो ज्वेलर्स दुकान में रात के समय सेंध लगाकर चोरी की गई। अज्ञात आरोपी सोने-चांदी के जेवर और दुकान में नकदी ले गए। दुकान में रखा लॉकर बंद होने के कारण उसमें रखा कीमती सामान बच गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ चौरीचौरा कुंदन सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।