अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शहर के उन इलाकों के लिए राहत भरी खबर है, जहां वर्षों से कम प्रेशर और अनियमित जलापूर्ति लोगों की रोजमर्रा की परेशानी बनी हुई थी। नगर निगम ने 17 वार्डों में पेयजल संकट दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सवा करोड़ रुपये की लागत से लगभग पांच किलोमीटर लंबी नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और मंगलवार को टेंडर खुलने के साथ ही कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा।
नगर निगम की योजना के तहत कई वार्डों में नई पाइपलाइन डाली जाएगी। जबकि कुछ क्षेत्रों में जर्जर हो चुकी पुरानी लाइनों को बदला जाएगा। चंद्रशेखर आजाद चौक, मदन मोहन मालवीय नगर, महात्मा ज्योतिबा फूले नगर, कृष्ण मोहन पांडेय नगर, महादेव झारखंडी, सूरजकुंड धाम और शिवपुर जैसे इलाकों में पाइपलाइन विस्तार और प्रतिस्थापन के अलग-अलग कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अलावा शाहपुर, शक्तिनगर, शिवाजी नगर, पुराना गोरखपुर, रायगंज, गिरधरगंज, तिवारीपुर, कल्याणपुर और गोपलापुर में भी जलापूर्ति नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पानी का दबाव बढ़ेगा और लोगों को नियमित व पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा।