पीपीगंज में मछली के लिए मारपीट करते युवक
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सावन खत्म होने के साथ ही शौकीन नॉनवेज के लिए दुकानों पर टूट पड़े। पीपीगंज में शनिवार शाम रोहू मछली खरीदने के लिए दो ग्राहकों के बीच मारपीट हो गई। हंगामा देखने के लिए हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने दोनों को समझाने की कोशिश की लेकिन नहीं मानने पर उन्हें हिरासत में ले लिया।
दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।घटना से संबंधित वीडियो रविवार को वायरल हो गया। जानकारी के मुताबिक, पीपीगंज कस्बे में नेपाल जाने वाले रास्ते पर मछली की दुकान है। शनिवार शाम 6:30 बजे कोल्हुआ का मुकेश कुमार चौहान बाइक से मछली खरीदने पहुंचा।
थोड़ी ही देर बाद वहां पर भगवानपुर का रहने वाला रितिक चौहान भी आ गया। दोनों ने पांच किलो मछली का ऑर्डर दिया। दुकानदार के पास रोहू मछली चार किलो ही बची थी। दोनों का कहना था कि पहले उसने मछली पसंद की है। इसलिए उसे ही मिलनी चाहिए। दुकानदार के सामने दोनों के बीच काफी देर तक तू-तू, मैं-मैं होती रही।
दुकानदार ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे उसकी बात नहीं माने। इसी बीच दोनों ने कॉल करके अपने साथियों को बुला लिया। थोड़ी ही देर बाद दो बाइक से पांच युवक और आ गए। एक पक्ष के युवकों ने मछली खरीदने आए दूसरे पक्ष के युवक को धक्का देकर गिरा दिया। उसकी शर्ट फाड़ दी।
इसके बाद दूसरे पक्ष के युवकों ने भी हमला कर दिया। आधे घंटे तक बीच रोड पर हंगामा होता रहा। कुछ राहगीर इसका वीडियो बनाने लगे। हंगामे से नेपाल जाने वाले नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। लोग गाड़ी खड़ी करके तमाशा देखने लगे। थोड़ी देर बाद पुलिस पहुंची। पुलिस को आते देख कुछ युवक भाग गए।
इस संबंध में पीपीगंज थाना प्रभारी प्रभुदयाल सिंह ने बताया कि मछली खरीदने को लेकर दो पक्षों में विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दो युवकों मुकेश कुमार चौहान और रितिक चौहान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया।