कम समय में अधिक रुपये कमाने के लालच में पीएनबी के मैनेजर ने 70 लाख रुपये गंवा दिए। काफी दिनों से बैंक मैनेजर शेयर मार्केट में रुपये लगा रहे थे। इसी बीच एक ऑनलाइन ब्रोकर से जान पहचान हुई। उसने विश्वास में लेकर बैंक मैनेजर से 70 लाख रुपये शेयर मार्केट में लगवाए फिर रकम लेकर फरार हो गया। खाते से रुपये कटने का संदेश आने के बाद मैनेजर ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है। साइबर एक्सपर्ट मामले की जांच कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बैंक मैनेजर पिछले कई महीने से शेयर मार्केट में रुपये लगा रहे थे। इसी दौरान ऑनलाइन उनकी मुलाकात एक ब्रोकर से हुई। उसने एक व्हाट्सएप ग्रुप में मैनेजर को भी जोड़ दिया। उसमें पहले से ही कई लोग जुड़े थे, जो रोजाना ही यह बताते थे कि आज उनका रुपया कितना गुना बढ़ गया।
ब्रोकर ने मैनेजर को बढ़ाकर रुपये देकर विश्वास जीत लिया। ब्रोकर सबको बताता था कि आज किस कंपनी का शेयर उठाना है, उसी हिसाब से सभी लोग काम करते थे। ग्रुप में जुड़े लोगों के साथ ही बैंक मैनेजर को मुनाफा होता था। इसी बीच ब्रोकर ने मैसेज किया-मेरा एक स्टार्टअप है, उसपर अगर आप लोग पैसा लगाएंगे तो लंबा फायदा सबकी जेब में जाएगा।
ब्रोकर की बातों में आकर सभी लोगों समेत बैंक मैनेजर ने भी हामी भर दी। फिर ब्रोकर ने सभी का नया अकाउंट खुलवाया। बैंक मैनेजर से वॉलेट में रुपये जमा करवाए। अधिक फायदा होता देख बैंक मैनेजर ने 70 लाख रुपये लगा दिए। इसके बाद ब्रोकर ग्रुप बंद कर फरार हो गया।
शहर के कई व्यापारी भी झांसे में गंवा चुके हैं रुपये
शहर के कई व्यापारी भी शेयर मार्केट में रुपये दोगुना करने के लालच में गाढ़ी कमाई गंवा चुके हैं। अभी जनवरी में ही एक कंपनी ने गोरखपुर और दूसरे शहरों के करीब 80 लोगों का एक ग्रुप बनाया था। उसके जरिए रुपये लगाए जाते थे। सभी लोगों से लाखों रुपये लगवाकर फायदा देने से पहले कंपनी भाग गई। ऑनलाइन कंपनी के बारे में लोग कुछ जान भी नहीं रहे थे। शहर के एक व्यापारी ने इस मामले में पांच लाख की ठगी का केस दर्ज भी कराया है, जिसकी जांच अभी जारी है।
वहीं, साइबर थाने के एसआई उपेंद्र सिंह ने बताया कि शेयर मार्केट में रुपये लगाने के दौरान ही ठगी का मामला सामने आया है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। रुपये वापस कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।