गोरखपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की तरफ से मेडिकल कॉलेज के छात्र रहे आकाश पांडेय के पारिजनों को आर्थिक सहयोग राशि सौंपी गई। सचिव डॉ. वाई सिंह के नेतृत्व में आईएमए का एक प्रतिनिधिमंडल मृत छात्र के गांव संतकबीरनगर के बरगदवा माफी पहुंचा। छात्र के परिजनों को आईएमए ने 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी।
प्रतिनिधिमंडल ने आकाश के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। सचिव डॉ. वाई सिंह ने कहा कि इस कठिन समय में पूरा चिकित्सक समाज आकाश के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि न्याय की लड़ाई में आईएमए हर स्तर पर परिवार का सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि आकाश के परिवार को भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर आईएमए से जुड़े चिकित्सक हर प्रकार की चिकित्सकीय सुविधा निशुल्क या रियायती दर पर उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान सह सचिव डॉ. दिनेश चंद्र व डॉ. अमरेश सिंह भी मौजूद रहे।
होली की शाम को शाहपुर से वापस लौटते समय मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर सड़क दुर्घटना में असामयिक रूप से आकाश पांडेय की मौत हो गई थी। आरोप है कि नशे में धुत एक युवक ने तेज रफ्तार अनियंत्रित फाच्यूर्नर गाड़ी से आकाश को कुचल दिया था, जिससे मौके पर ही आकाश की मौत हो गई थी।