गोरखपुर। कैंट इलाके के पैडलेगंज क्षेत्र में बुधवार शाम अज्ञात चोरों ने कार का शीशा तोड़कर बैग समेत 2.50 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बड़हलगंज निवासी दिव्यांश शाही बुधवार को अपनी कार से पैडलेगंज स्थित राजवंशी हॉस्पिटल के सामने पहुंचे थे। शाम करीब 6:30 बजे उन्होंने कार सड़क किनारे खड़ी कर पास की एक सैलून की दुकान पर शेविंग कराने चले गए। करीब आधे घंटे बाद जब वह लौटे तो कार का शीशा टूटा मिला और आगे सीट पर रखा उनका बैग गायब था। बैग में करीब ढाई लाख रुपये नकद रखे थे। घटना की सूचना पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।