प्रशासन का दावा, 70 फीसदी घरों पहुंचा तक गणना प्रपत्र
डीएम ने शहर और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर लगे कैंप का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में अब तेजी आने लगी है। प्रशासन का दावा है कि 70 फीसदी घरों तक गणना प्रपत्र पहुंचा दिया गया है। उधर, डीएम दीपक मीणा ने कहा कि पहले की मतदाता सूची में अगर दो जगह नाम है दो फॉर्म मिलेंगे। इसलिए वर्तमान में जहां पर निवास कर रहे है उसी स्थान से संबंधित गणना प्रपत्र को भरें।
एसआईआर कार्य में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को जानने के लिए डीएम दीपक मीणा ने शनिवार को गोरखपुर शहर और ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर लगे कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने गणना प्रपत्र भरने आए मतदाताओं से बातचीत कर उनसे संबंधित समस्याओं और फॉर्म भरने में आने वाली दिक्कतों की जानकारी ली।
विधानसभा क्षेत्र ग्रामीण के बूथ संख्या 141 पर मतदाताओं ने कहा कि सूची में उनका नाम दो जगहों पर है, इस डीएम ने कहा कि जहां निवास कर रहे हैं वहीं का फॉर्म भरें। बीएलओ ने बताया कि बहुत सारे घरों पर दिन में कोई नहीं मिल रहा है इसलिए भी दिक्कत आ रही है। शहर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 328, 329 और 327 का निरीक्षण किया।
यहां भी उन्होंने फॉर्म वितरण, संग्रहण, सत्यापन और बीएलओ द्वारा किए जा रहे सहयोग की वास्तविक स्थिति को परखा। डीएम ने कहा कि हर पात्र मतदाता तक एसआईआर गणना प्रपत्र पहुंचना चाहिए। बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि कोई भी मतदाता जानकारी के अभाव में छूटने न पाए और जो फॉर्म भरे जा चुके हैं, उनका डिजिटाइशेन के लिए फीडिंग के समय सर्तकता बरतें। फॉर्म भरने के दौरान यदि किसी दस्तावेज़ की कमी हो, तो मतदाताओं को विकल्प व सही प्रक्रिया की जानकारी दी जाए।
दिक्कत आए तो बीएलओ से करें संपर्क
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें और किसी भी त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता होने पर बीएलओ या सदर तहसील से संपर्क करें ताकि आगामी चुनाव में किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे।