केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर जारी बारहवीं की परीक्षाओं के अंक से असंतुष्ट विद्यार्थियों को अपने नंबर सुधारने का एक मौका और मिलेगा। ये विद्यार्थी कंपार्टमेंट परीक्षाओं के साथ आयोजित होने वाली विशेष परीक्षा में शामिल होकर अपने नंबर को सुधार सकेंगे।
इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कंपार्टमेंट परीक्षाओं के साथ ही शुरू हो गया है। 13-20 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसका आदेश बोर्ड की संचालित जिले के 103 विद्यालयों में पहुंच गया है। आदेश के मुताबिक 1-15 जुलाई के बीच आयोजित होने वाली बारहवीं के मुख्य विषयों की परीक्षाओं को कोरोना संक्रमण की वजह से निरस्त कर दिया गया था।
वहीं आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर इस दौरान आयोजित होने वाली विषयों की परीक्षाओं में नंबर दिए गए हैं। अगर कोई विद्यार्थी आंतरिक मूल्यांकन में मिले नंबर से संतुष्ट नहीं है तो वो स्कूल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं चुकाना होगा।