मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब गोरखपुर से बांद्रा तक हमसफर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन गोरखपुर से दो मार्च से शुरू होगी। रेल प्रशासन ने इसका शेड्यूल घोषित कर दिया है।
एनईआर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने यह जानकारी दी। बताया कि 09091/09092 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस हमसफर साप्ताहिक स्पेशल का संचलन बांद्रा टर्मिनस से एक मार्च को प्रत्येक सोमवार को किया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर से दो मार्च से प्रत्येक मंगलवार को अगले आदेश तक चलाई जाएगी। इसमें सभी कोच आरक्षित श्रेणी के होंगे तथा इसमें यात्रा करने वाले यात्रियों को कोविड-19 के मानकों का पालन करना होगा।
09091 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर हमसफर साप्ताहिक स्पेशल बांद्रा टर्मिनस से सुबह 5.10 बजे चलेगी। यात्रा के दूसरे दिन गोरखपुर में शाम 6.15 बजे पहुंचेगी। वापसी में 09092 ट्रेन गोरखपुर से रात 9.30 बजे चलकर तीसरे दिन बांद्रा टर्मिनस 08.30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 12, शयनयान श्रेणी के 06, पेंट्रीकार का एक तथा जनरेटर सह लगेज यान के दो कोच सहित कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।
एक मई तक चलाई जाएगी ग्वालियर-बरौनी स्पेशल
04185 ग्वालियर-बरौनी दैनिक स्पेशल के संचलन अवधि का विस्तार एक मार्च से 30 अप्रैल किया गया है। 04186 बरौनी-ग्वालियर दैनिक स्पेशल के संचलन अवधि का विस्तार दो मार्च से एक मई तक किया गया। इस ट्रेन में सभी कोच आरक्षित श्रेणी के होंगे।