दस लाख की रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने रविवार देर रात न्यू अर्पित हास्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर प्रदीप कुमार पर तरकुलहा के पास हमला कर दिया। प्रदीप के सिर में गंभीर चोट आई है। बाएं हाथ की दो अंगुलियों को काट दिया गया है। घायल को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। बदमाशों ने उनके चालक की भी पिटाई की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक चिलुआताल थाना क्षेत्र के रेल विहार कॉलोनी करीम नगर निवासी प्रदीप कुमार न्यू अर्पित हास्पिटल एवं रिसर्च सेंटर के डायरेक्टर हैं। उनके मैनेजर नितिन सिंह ने बताया कि प्रदीप से कई दिनों से दस लाख की रंगदारी मांगी जा रही थी, लेकिन वह पैसा देने से इनकार कर रहे थे। बकौल नितिन रविवार शाम साढ़े चार बजे प्रदीप कार से तरकुलहा मंदिर गए थे। उनके साथ ड्राइवर राजा और हास्पिटल का स्टाफ छोटू सिंह थे। रात में लौटते समय, चार पहिया गाड़ी से आए हमलावरों ने तरकुलहा मोड़ पर ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया।
ड्राइवर को पीट कर भगाने के बाद हमलावरों ने प्रदीप की पिटाई की। बाएं हाथ की दो अंगुलियां काट दी। सिर पर चोट मारी। हास्पिटल के कर्मचारियों की मदद से उन्हें मेडिकल कालेज ले जाया गया। चिलुआताल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बयान लेने के बाद प्रदीप के भाई को केस दर्ज कराने के लिए चौरीचौरा थाने भेजा। प्रदीप ने बताया कि रंगदारी के लिए जब भी फोन आता तो लगता कि कोई मजाक कर रहा है।
एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने बताया कि चौरीचौरा और चिलुआताल पुलिस को बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाया गया है। पहली नजर में मामला मारपीट का लग रहा है। रंगदारी की पहले से कोई सूचना नहीं दी थी। आरोपितों को पकड़ने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी।