इस बार जनवरी पर्यटन के लिहाज से बेहतर है। एक से 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश होने के कारण सरकारी प्राइमरी स्कूलों के कई शिक्षक दक्षिण भारत के पर्यटन पर हैं। इसके बाद 22 जनवरी को अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर लोग अयोध्या जाने की तैयारी में हैं।
गणतंत्र दिवस शुक्रवार को है, इसके बाद चौथा शनिवार होने के चलते बैंक भी बंद है। रविवार को सार्वजनिक अवकाश होता ही है। महीने के अंतिम सप्ताह में तीन दिन का अवकाश होने के चलते अन्य कर्मचारी भी टूर प्लान बनाने लगे हैं। सबसे अधिक प्लानिंग दिल्ली से अमृतसर होते हुए बाघा बार्डर तक की बन रही है।
जनवरी शुरू होते ही यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई थी। एक जनवरी से बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित स्कूलों में शीतकालीन अवकाश हो गया था। प्राइमरी स्कूल के अध्यापक बालेश्वर त्रिपाठी बताते हैं कि 14 दिन के इस अवकाश का फायदा यह मिला कि हमने सपरिवार दक्षिण भारत का टूर प्लान किया। परिवार समेत रामेश्वरम तक घूमकर 10 तारीख को घर लौटे। चार दिन अपना काम करने के बाद 16 तारीख से स्कूल जाएंगे।
बैंक कर्मचारी शशिकांत प्रसाद गणतंत्र दिवस पर परिवार समेत दिल्ली जाने का प्लान कर चुके हैं। शशिकांत ने बताया कि 25 को दिल्ली जाएंगे। 26 तारीख को वहां से अमृतसर जाने की योजना है। वहां से बाघा बार्डर तक जाएंगे। लगातार तीन दिन अवकाश मिलने के चलते कम छुट्टियां लेनी पड़ेंगी।