गोरखपुर। रंगों का पर्व होली बुधवार को गोरक्षनगरी में पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर के विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों में लोग रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते नजर आए। डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया और दिन भर होली की मस्ती में सराबोर रहे।
दोपहर तक शहर की सड़कों पर चहल-पहल बनी रही। लोग टोली बनाकर एक-दूसरे के घर पहुंचकर रंग खेलते और पर्व की बधाई देते रहे। बच्चों और युवाओं में होली को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर सामूहिक होली मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जहां लोगों ने रंगों के साथ गीत-संगीत का आनंद लिया। वहीं, बच्चे, बूढ़े व नौजवान के साथ महिलाओं व युवतियों ने भी जमकर होली खेली। शिवपुर सहित कई जगहों पर लोगों ने कपड़े को बिजली के तारों पर भी फेंका, जिससे तारों पर ज्यादा कपड़े लटकते रहे। शाम होते ही लोगों ने घरों में आए मेहमानों का गुझिया, नमकीन और मिठाइयों से स्वागत किया।
शाम को होटल व रेस्टोरेंट में लिया जायके का आनंद
होली के दिन शाम को सड़कों पर परिवार सहित आने-जाने वाले लोगों की भीड़ बढ़ गई। कई ने परिवार सहित शहर के रेस्टोरेंट, होटल व मॉल में मस्ती करते हुए जायके का आनंद लिया।