गोरखपुर। खेल विभाग और उत्तर प्रदेश हॉकी के समन्वय से वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के एस्ट्रो टर्फ मैदान पर आयोजित प्रदेशीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हुआ। फाइनल मुकाबले में झांसी छात्रावास ने लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज को 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले बुधवार सुबह खेले गए। पहला सेमीफाइनल मैच झांसी छात्रावास और गोरखपुर मंडल के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं। परिणाम के लिए पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लेना पड़ा, जिसमें झांसी छात्रावास ने गोरखपुर को 4-3 के अंतर से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा सेमीफाइनल स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और रामपुर छात्रावास के बीच खेला गया, जिसमें स्पोर्ट्स काॅलेज लखनऊ ने रामपुर छात्रावास को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। स्पोर्ट्स काॅलेज लखनऊ की तरफ से जैद खान ने 23वें, अजय ने 33वें और आनंद कुमार ने 36वें मिनट में गोल किया।
दोपहर तीन बजे से फाइनल मुकाबला झांसी छात्रावास और स्पोर्ट्स काॅलेज लखनऊ के बीच शुरू हुआ। मैच के पहले मिनट में ही अजय ने गोल करके झांसी को बढ़त दिला दी। इसके बाद सजन यादव ने 29वें, करन धनुक ने 40वें और फिर समज ने 53वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को 4-0 से जीत दिला दी।
पांच दिनों तक चली प्रतियोगिता में 18 मंडल, चार स्पोर्ट्स छात्रावास और दो स्पोर्ट्स कॉलेज की टीमों ने प्रतिभाग किया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि यूपी के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह रहे।
एसएसबी बैंड ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए आशीवर्चन प्रदान किया। समापन अवसर पर आरएसओ आले हैदर ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ओलंपियन/अर्जुन अवार्डी प्रेम माया, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रीता मिश्रा, दिनेश सिंह, मनीष सिंह, सांसद प्रतिनिधि जय यदुवंशी, जिर्ल्लुर रहमान, अंगद यादव आदि उपस्थित रहे।