चौरीचौरा (गोरखपुर)। चौरीचौरा इलाके के एक गांव की युवती से दिसंबर 2023 में खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। वीडियो वायरल कर दिया गया तो पीड़ित युवती थाने पहुंची और दो आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, आईटी एक्ट की धारा में केस दर्ज कराया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश हो रही है।
युवती ने तहरीर में असलहा सटाकर दुष्कर्म की बात कही है, हालांकि वीडियो में असलहा नहीं दिख रहा है, लेकिन घटना साफ नजर आ रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बीते साल 18 दिसंबर की शाम को पशुओं का चारा लाने के लिए खेत गई थी। गांव के अनिल व उपेंद्र वहां पहुंचे और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर उसके सिर पर असलहा सटाकर अनिल व उपेंद्र मुंह दबाकर गन्ने के खेत में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान वीडियो बना लिए और शिकायत करने पर भाई की हत्या की धमकी देते हुए भाग निकले। वह घटनास्थल पर अचेत हो गई थी।
अब आरोपियों ने आपत्तिजनक वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।