संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जिले के सरकारी और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षा 12 जनवरी से शुरू होकर 21 जनवरी तक चलेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह के निर्देश पर परीक्षा की तैयारियां जोरों पर हैं। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज से विषयवार प्रश्न पत्रों का वितरण शुरू हो गया है।
प्रधानाचार्यों को मांग पत्र के अनुसार पूर्वाह्न 11 से अपराह्न चार बजे तक प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों को परीक्षा समय सारणी उपलब्ध कराते हुए सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा संपन्न कराई जाए। सोमवार को सहजनवां और कैंपियरगंज तहसील के विद्यालयों को प्रश्न पत्र वितरित किए गए। मंगलवार को चौरीचौरा, बांसगांव और गोला तहसील व बुधवार को खजनी तहसील के विद्यालयों को प्रश्न पत्र दिए जाएंगे। प्रधानाचार्यों ने बताया कि पहली बार शासन की ओर से प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये प्रश्न पत्र बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर तैयार किए गए हैं, जिसका विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।