रविवार की शाम को हुई झमाझम बारिश में आते-जाते लोग। फोटो - संवाद।
गोरखपुर। जिले में रविवार को मानसून पूरी तरह मेहरबान रहा। बीते 24 घंटे में 60.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस दिन की सामान्य वर्षा 20.1 मिमी की तुलना में 202 प्रतिशत अधिक रही। लगातार हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिन में तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। दिनभर अधिकतम 98 और न्यूनतम 74 प्रतिशत आर्द्रता रहने से वातावरण में नमी बनी रही।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 14 से 15 जुलाई के दौरान भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिक टीबी सिंह ने बताया कि सक्रिय मानसूनी परिस्थितियों के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी वर्षा हो रही है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने व जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिन तक रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर बना रहेगा।