कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए सिद्धार्थनगर में घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। आशा कार्यकर्ता लोगों के घरों पर दस्तक देकर परिजनों से कोविड-19 के लक्षण सर्दी, खांसी, बुखार की जानकारी इकट्ठा कर रही हैं। संदेह होने पर स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। जिले के 31 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कोरोना संक्रमण में हो रही वृद्धि को ध्यान में रखते हुए घर-घर जाकर आशा कार्यकर्ताओं ने संवेदीकरण करना शुरू कर दिया है। इसमें सभी से सर्दी, खांसी, बुखार व कोरोना के अन्य लक्षणों की जानकारी कर प्रोफार्मा पर भरा जा रहा है। हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों में बड़ी ही सजगता के साथ संवेदीकरण किया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. सीमा राय ने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए जिले के साथ प्रदेश भर में यह अभियान शुरू किया गया है। फ्रंटलाइन वर्कर के साथ समाजसेवी लोगों के सहयोग से हर घर पर टीम दस्तक दे रही है। भ्रमण हो जाने वाले घरों पर पोलियो की तरह चिह्नांकन करने के साथ ही तिथि भी अंकित की जा रही है।
सर्वेक्षण में गर्भवती, 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के व्यक्तियों, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर आदि से ग्रसित रोगियों को सूचीबद्ध कर कोविड-19 से बचाव के लिए विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इनकी लगातार मॉनिटरिंग करने के लिए आशाओं को जिम्मा सौंपा गया है।