कोरोना वायरस की पहुंच गोरखपुर बार्डर तक हो गई है। बॉर्डर से तीन किलोमीटर पहले संतकबीरनगर के मगहर में एक परिवार के 18 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य महकमे की नींद उड़ गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मगहर से सटे सभी गांवों में जाकर गैर राज्यों और बाहर से आए लोगों की जानकारी हासिल करने में जुट गई है।
विज्ञापन
गोरखपुर के आधा दर्जन से अधिक गांव मगहर से सटे हैं। जिले का हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र मगहर के पास ही है। ऐसे में स्वास्थ्य महकमे को डर है कि अगर संक्रमित परिवार का कोई सदस्य गोरखपुर क्षेत्र में आया होगा तो कोरोना की चेन को ढूंढना मुश्किल हो जाएगा।
यही वजह है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम सीएमओ के निर्देशन में मगहर से सटे इलाकों में जानकारी जुटाने में जुट गई है। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि बॉर्डर पर टीम को पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया है। गांव में जाकर जांच की जा रही हैं, जो भी लोग बाहर से आए है और जिन लोगों में संक्रमण के कोई भी लक्षण दिखे उनकी तत्काल जांच कराई जाएगी।
विज्ञापन
इन गांवों पर विशेष नजर
हरपुर, रानीपुर, सुरवलिया, बैजलपुर, सहजनवां, नोनहवा, सिधौली, बैदोला, गुलहटी, बरसिंहा गांव मगहर से सटे हैं। मगहर चौकी के अंतर्गत रामनगर, देविरया, मुड़रवा, रानीडीह, लखूना गांव आते हैं, ये गांव संकबीरनगर जिले में पड़ते हैं।
अब तक 50 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले
गोरखपुर और बस्ती मंडल में अब तक 50 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें 21 संतकबीरनगर, 23 बस्ती और छह महराजगंज के हैं। इनमें महराजगंज के छह और बस्ती के चार लोग पूरी तरह से ठीक होकर घर जा चुके हैं। बस्ती का तीन माह का बच्चा अब भी बीआरडी के आइसोलेशन वार्ड में है।
बॉर्डर से सटे इलाकों में बढ़ी चौकसी
संतकबीरनगर में एक ही परिवार के 18 समेत 19 लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गोरखपुर जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। संतकबीरनगर से सटे गोरखपुर की सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बैरियर लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया है। शनिवार को कमिश्नर जयंत नार्लिकर, डीआईजी राजेश डी मोदक, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ सुनील गुप्ता व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुज मलिक ने सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर निगरानी की व्यवस्था जांची।
कमिश्नर, डीआईजी, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, सीमा पूरी तरह सील
कमिश्नर ने सीमा पर तैनात पुलिस और सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि किसी को भी आने-जाने न दिया जाए। सीमावर्ती सभी क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाए। उन्होंने सहजनवां क्षेत्र में आमी नदी के किनारे, चांदबारी गांव के पास जनपद संतकबीरनगर से लगी सीमा, घघसरा बाजार, भक्सा बाजार के आगे राप्ती नदी के किनारे संतकबीरनगर के मेंहदावल से लगने वाली सीमा का भी निरीक्षण किया।
निर्देश दिया कि सीमावर्ती गांवों के प्रधानों और ग्रामीणों को जागरूक किया जाए कि वे खुद भी किसी को संतकबीरनगर से अपनी सीमा में प्रवेश नही करने दें। अगर कोई व्यक्ति आता है तो उसकी सूचना तत्काल आला अफसरों को उपलब्ध कराएं। वहां से निकलने के बाद अफसरों ने रेलवे स्टेशन के पास फोरलेन निर्माण कार्य का जायजा लिया और मजदूरों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए काम की गति बढ़ाने का निर्देश दिया।