गोरखपुर। महाराणा प्रताप महाविद्यालय, जंगल धूसड़ के समाजशास्त्र विभाग की ओर से अभिगृहीत ग्राम तिनकोनिया नंबर एक में बृहस्पतिवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय के चिकित्सकीय दल ने 55 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया और जरूरतमंदों को दवाएं वितरित कीं।
शिविर में हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, ऑक्सीजन स्तर और त्वचा संबंधी समस्याओं समेत सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को पौष्टिक आहार, स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत व घरेलू स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। बरसात में होने वाले संक्रमण से बचाव के उपाय भी बताए गए।
विश्वविद्यालय के डॉ. राम कुमार और स्टाफ नर्स प्रियंका ने ग्रामीणों की जांच की। समाजशास्त्र विभाग के विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य परीक्षण में सहयोग किया। शिविर का संयोजन विभाग प्रभारी डॉ. हनुमान प्रसाद उपाध्याय ने किया। ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया।