कैंट थाना क्षेत्र में हुई घटना, आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कैंट इलाके के दाउदपुर के पास शादी से लौटने के बाद चाय पी रहे युवक का मनबढ़ युवकों ने सिर फोड़ दिया। आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी फरार हो गए। पुलिस पंकज राय, शिवम ठाकुर, हिमाचल सिंह, अपूर्व राय, अमृत राय और 20-22 अज्ञात लोगों पर कसे दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, अभय यादव ने केस दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में अभय ने लिखा है कि वह बुधवार की रात शादी से लौटे थे। दाउदपुर हाईवे पर एक नर्सिंग होम के सामने रुके और चाय की दुकान पर चाय पीने लगे। उन्होंने अपने परिचित आदित्य ओझा को वाहन लेकर बुलाया था, ताकि घर जा सके। तभी कार से कुछ युवक वहां पर पहुंच गए। परिचित आदित्य ओझा भी आ गए और युवकों से विवाद हो गया। मना करने पर आरोपियों ने मारपीट कर अभय का सिर फोड़ दिया।