गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। वे सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के परिचय समारोह में शामिल होंगे और नव निर्वाचित नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाने के बाद उनका मार्गदर्शन करेंगे। बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होंगे। पूजन-अर्चन के बाद वे शिष्य और गुरु, दोनों भूमिका में दिखेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री मंगलवार को शाम चार बजे आएंगे और सीधे दीवानी कचहरी परिसर में आयोजित सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के परिचय समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद गोरखनाथ मंदिर जाकर गुरु गोरखनाथ का पूजन-अर्चन करेंगे और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में चल रहे रामकथा के समापन सत्र में भी शामिल होंगे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमापति उपाध्याय और मंत्री अनुज अस्थाना ने बताया कि मुख्यमंत्री से दोनों कचहरी को शहर से बाहर न ले जाने की मांग रखी जाएगी। इसके अलावा कैशलेस चिकित्सा सुविधा, शासकीय अधिवक्ताओं के वेतन में बढ़ोत्तरी, वरिष्ठ वकीलों को पेंशन देने की मांग को भी रखा जाएगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर तैयारियां का जायजा लिया।
वहीं, बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में सुबह पांच बजे से ही मंदिर परिसर स्थित सभी देव विग्रहों एवं समाधि स्थलों पर विशेष पूजा शुरू होगी जिसमें मुख्यमंत्री महायोगी गोरखनाथ को रोट अर्पण कर पूजन शुरू करेंगे। गुरु पूजन के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर अपने शिष्यों के बीच आएंगे। बारी-बारी से शिष्य, गोरक्षपीठाधीश्वर तक पहुंचेंगे और तिलक लगाकर उनका आशीर्वाद ग्रहण करेंगे।