गोरखपुर। सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए युवक ने पिस्टल लहराते हुए दबंगई वाली रील बना डाली। वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने जांच शुरू की। एम्स थाना पुलिस ने बुधवार सुबह रजही निवासी राहुल निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो असलियत सामने आ गई। जिस पिस्टल के दम पर वह सोशल मीडिया पर रंगबाजी दिखा रहा था, वह असली हथियार नहीं बल्कि पिस्टलनुमा चाइनीज लाइटर निकला।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक पिस्टल जैसी वस्तु लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने एम्स पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। सर्विलांस और मुखबिर की मदद से पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान रजही मौर्या टोला निवासी राहुल निषाद के रूप में की। पुलिस टीम ने बुधवार सुबह उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसने शौक और सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए पिस्टलनुमा चाइनीज लाइटर से वीडियो बनाया था।