गोरखपुर एनई रेलवे ग्राउंड पर बृहस्पतिवार को खेले गए इंटर क्लब क्रिकेट लीग (बी डिवीजन) के मुकाबले में गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी ने एकतरफा मुकाबले में एनएस क्रिकेट एकेडमी बी को 190 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया। मैच के हीरो रहे सचिन कुमार ने शतक जड़ने के साथ गेदबाजी में भी अहम योगदान दिया। वह प्लेयर ऑफ द मैच बने।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत मजबूत रही। बल्लेबाज सचिन की 71 गेंदों पर 109 रनों की शतकीय और रंजीत चौरसिया ने नाबाद 63 रनों की बदौलत गुरुकुल ने 35 ओवर में पांच विकेट पर 290 रनों का स्कोर खड़ा किया। एनएस क्रिकेट एकेडमी बी की ओर से गेंदबाजी में अध्यान सिंह और शिवांश नायक ने दो-दो विकेट लिए। 291 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनएस क्रिकेट एकेडमी बी की पूरी टीम 24.5 ओवर में आलआउट हो गई। गुरुकुल के गेंदबाज आदर्श ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट और रंजीत चौरसिया ने केवल 5 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला सेंट एंड्रयूज कॉलेज ग्राउंड पर खेला गया। इसमें केडीसीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तमकुहीराज को बड़े अंतर से पराजित किया। 40 ओवर के इस मैच में केडीसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए और जवाब में तमकुहीराज की पूरी टीम मात्र 90 रन पर सिमट गई। इस तरह केडीसीए ने यह मुकाबला 135 रनों से जीत लिया। बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले गोविंद यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।