कार्यक्रम की प्रस्तुति देते कलाकार।
गोरखपुर। मां शाकंभरी भक्ती मंडल की ओर से सिविल लाइंस स्थित निजी क्लब में वृहस्पतिवार को मां शाकंभरी का वार्षिक महोत्सव का आयोजन किया गया। आयोजन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधिविधान के साथ निकली शोभायात्रा के साथ हुई। वार्षिक महोत्सव में भजन गायिका लक्ष्मी जोशी के भजन पर भक्त खूब झूमे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष संजय रामरायका ने मां की ज्योति प्रज्वलित कर किया। सचिव आशीष जोशी ने बताया कि यह आयोजन मां शाकंभरी की अनुकंपा और भक्तों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। कोषाध्यक्ष एवं सह-संयोजक संजीव सुलतानिया ने कहा कि समिति का उद्देश्य इस महोत्सव को प्रत्येक वर्ष और अधिक अनुशासित, दिव्य एवं व्यापक स्वरूप में आयोजित करना है। कार्यक्रम में भजन गायिका लक्ष्मी जोशी के मधुर भजनों पर श्रद्धालु खूब झूमे।
सूरत से आई मंगलपाठ वाचिका सुरभि बिरजुका ने अपने भावपूर्ण मंगलपाठ से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दिनभर चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में कोलकाता से आए कलाकारों की ओर से प्रस्तुत मां शाकंभरी की लीलाओं पर आधारित नृत्य-नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही। महोत्सव के दौरान छप्पन भोग, सवामनी एवं नवकन्या पूजन का आयोजन किया गया। सायंकाल वाराणसी से आए विद्वानों की ओर से हुई महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ सहभागिता की। शंखनाद और घंटियों की गूंज से संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो उठा। महाआरती के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया।