शादी के चंद घंटे बाद ही काजल के पति की मौत हो गई।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स शादी कर पत्नी को लेकर घर लौट रहा था कि घटना दुघर्टना में उसकी ही मौत हो गई है। वहीं इस घटना में कई लोग घायल हो गए हैं।
रामकोला थाना क्षेत्र के धर्मसमधा दुर्गा मंदिर पर शुक्रवार को शादी करके लौट रहे परिवार के लोग रामकोला-कसया मार्ग पर हादसे का शिकार हो गए। अमवा मंदिर के समीप अनियंत्रित टैंपो पलट जाने से इसमें सवार दूल्हे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई। घायल मां को जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के चलते दोनों परिवारों में चीख पुकार मची है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के धनौजी गांव निवासी कैलाश के पुत्र धर्मेंद्र (22) की शादी देवरिया जिले तरकुलवा थाना क्षेत्र के सोनहुला रामनगर निवासी धर्मवीर की पुत्री काजल (20) से तय थी। दोनों परिवारों की सहमति पर शुक्रवार को रामकोला के धर्मसमधा मंदिर में इनकी शादी कराई गई।
दोनों परिवारों की मौजूदगी में वर-वधु ने एक-दूसरे को माला पहनाई। विवाह के उपरांत शाम करीब चार बजे धर्मेंद्र अपनी दुल्हन काजल तथा मां विद्यावती देवी तथा सास शकुंतला देवी व साले अमित के साथ टैंपो से कसया के लिए चल दिए। रामकोला-कसया मार्ग पर अमवा मंदिर के समीप पहुंचे थे कि टैंपो अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया।
दूल्हे धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई और मां विद्यावती का पैर टूट गया। आसपास के लोगों ने दोनों को रामकोला सीएचसी भेजा जहां डॉक्टर ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया और घायल विद्यावती देवी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रामकोला पुलिस ने धर्मेंद्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।