- सहजनवा के केशोपुर पश्चिमी मंडी गेट के पास चलाते हैं किराना दुकान
सहजनवा (गोरखपुर)। सहजनवा नगर पंचायत के वार्ड-4, केशोपुर पश्चिमी मंडी गेट के पास किराना दुकान चलाने वाले व्यापारी विनोद कुमार गुप्ता (54) पिछले चार दिन से लापता हैं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन चिंतित हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
परिजन के मुताबिक, विनोद गुप्ता मंगलवार सुबह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सहजनवा थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई। परिजन ने बताया कि विनोद लंबे समय से मंडी गेट के पास किराना दुकान चलाते हैं।
सीओ गीडा आभा सिंह ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस सभी संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि विनोद गुप्ता के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल सहजनवा थाना या निकटतम पुलिस को सूचित करें।