प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि बसंत पंचमी के मौके पर 16 फरवरी को महाराजा सुहेल देव की जयंती मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस दिन बहराइच में महाराजा सुहेल देव तकी भव्य प्रतिमा, स्मारक और उनकी समृद्ध स्मृतियों को सुरक्षित रखने के लिए संग्रहालय की आधारशिला रखी जाएगी।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वयं शामिल होंगे जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से वर्चुअल शिलान्यास समारोह को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस पूरी परियोजना पर वर्तमान में 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिस मैदान में महाराजा सुहेलदेव ने सैयद सालार मसूद से जंग लड़ा था, चित्रौरा के उस मैदान का भी पयर्टन की दृष्टि से विस्तार होगा।
अनिल राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 16 फरवरी को सूबे में जिन भी स्थानों पर महराजा सुहेल देव की प्रतिमा स्थापित है, वहां पुलिस बैंड को धुन बजाने के निर्देश दिए हैं। प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि भी की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से इस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने की अपील भी की।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर, राजा सुहेलदेव की आड़ में राजभर समाज की राजनीति करते हैं। लेकिन वे दूसरी ओर सलार सैयद गाजी का समर्थन करने वाले असदुद्दीन ओवैसी से हाथ मिला रहे हैं। उन्हें महाराजा सुहेल देव का अपमान करने के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए। ऐसे लोगों को जनता लोकसभा चुनाव में नकार चुकी है।आगामी चुनाव में जनता उन्हें राजभरों के गांव में घुसने भी नहीं देगी।