राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के नगर निगमों के मेयर, नगरपालिकाओं के अध्यक्षों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान सैनिटाइजेशन और सफाई अभियान के जरिए कोरोना की दूसरी लहर पर काबू पाने में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षदों आदि की भूमिका की सराहना की गई। साथ ही कोरोना की तीसरी लहर के प्रति सभी को आगाह किया गया। गोरखपुर से मेयर, सभी पार्षद एवं नगर आयुक्त समेत निगम के अन्य अधिकारी शामिल हुए।
गुरुवार को आयोजित बैठक के दौरान राज्यपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर काफी सफलतापूर्वक काबू पाया गया। कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने पूरी तन्मयता और कर्मठता से प्रदेश की सेवा में लगकर अन्य सभी के मनोबल को बढ़ाने के साथ उत्साहवर्द्धन का काम किया।
वहीं मुख्यमंत्री योगी ने सभी को आगाह करते हुए कहा कि कोरोना पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में तीसरे चरण की आशंका को गंभीरता से लें। इसके रोकथाम के लिए पहला मंत्र स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फागिंग निरंतर किया जाना है। प्रयास हो कि कंटेनमेंट जोन में प्रतिदिन दो बार कराया जाए।
पार्षदगण के नेतृत्व मोहल्ला निगरानी समिति स्वच्छता अभियान पर विशेष जोर दे।सं क्रमित क्षेत्रों में निकलने वाले कूड़े को कूड़ेदान में ही रखें और नियमित सफाई कराएं। मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण के दौरान नगर निगम और निकायों द्वारा कराए गए सैनिटाइजिंग एवं सफाई अभियान की सराहना की।
इस दौरान उन्होंने बरेली, कानपुर, मिर्जापुर, झांसी एवं देवरिया के मेयर एवं अध्यक्षों से वार्ता कर वस्तुस्थिति से अवगत हुए। गोरखपुर नगर निगम के सदन हाल में मेयर सीताराम जायसवाल, उपसभापति ऋषि मोहन वर्मा, नगर आयुक्त अविनाश सिंह, अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, पार्षद आलोक सिंह विशेन, संजय यादव, देवेंद्र गौड़ पिंटू, लक्ष्मण नारंग, संतराज शर्मा, मंता लाल यादव, संजय यादव, अशोक मिश्रा, जितेंद्र सैनी, मदनलाल अग्रहरी, जितेंद्र चौधरी जीतू, छठी लाल गुप्ता, अमरनाथ यादव, राम नारायण, आनंद वर्धन, मनु जायसवाल, वीर सिंह सोनकर, रामलवट निषाद, उमेश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।