सीएम योगी बोले-चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र का उन्नयन सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने किया एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन
गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा आज की आवश्यकता है। इसी को देखते हुए वर्ष 2017 के बाद स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवा के गुणवत्तापूर्ण विस्तार के जरिये सरकार ने प्रदेश के प्रति लोगों की धारणा को बदला है। विपक्षी दलों की सरकारों ने हर एक जिले में माफिया पैदा किए और वर्तमान सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज की सुविधा दे रही है।
सीएम योगी शुक्रवार दोपहर बाद बेतियाहाता में एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ दिया था। तबकी सरकार हर जिले में एक माफिया पालती थी। जबकि हमारी सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’, (एक जिला एक मेडिकल कॉलेज) ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (एक जिला एक उत्पाद) और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ (एक जिला एक व्यंजन) जैसी योजनाओं का उपहार प्रदेश को दिया है।
सीएम योगी ने बताया कि जरूरतमंद लोगों के इलाज के लिए प्रति वर्ष वह 1200 से 1500 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से देते हैं। वर्तमान सरकार ने हर जिले में मेडिकल कॉलेज की सौगात दी है। पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में एकमात्र गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज था, जो 2017 के पूर्व खुद ही बीमार था। आज गोरखपुर के अलावा महराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बहराइच, आजमगढ़, गाजीपुर, रायबरेली, अमेठी, मिर्जापुर, चंदौली में मेडिकल कॉलेज बन गए हैं। बलिया में भी मेडिकल कॉलेज को स्वीकृति मिल चुकी है।
..........................