17 से 22 फरवरी तक स्पोर्ट्स काॅलेज के एस्ट्रो टर्फ मैदान पर होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स काॅलेज में खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश हाॅकी संघ के समन्वय से प्रदेशीय जूनियर बालक हाॅकी प्रतियोगिता 17 फरवरी से शुरू होगी। यह प्रतियोगिता 22 फरवरी तक चलेगी, जिसमें प्रदेश के दो स्पोर्ट्स हॉस्टल समेत 18 मंडलों की टीमें प्रतिभाग करेंगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए खेल विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्पोर्ट्स काॅलेज के एस्ट्रो टर्फ मैदान पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता को लेकर ग्राउंड को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसको देखते हुए खेल विभाग ने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी है।
आरएसओ आले हैदर ने बताया कि 16 फरवरी तक सभी टीमें यहां पहुंच जाएंगी। आमंत्रित टीमों में से प्रत्येक टीम में कुल 17 सदस्य शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पिछले साल 2023 में इसी मैदान पर 22 से 26 फरवरी तक प्रदेशीय जूनियर बालिका हाॅकी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था।
ये टीमें करेंगी प्रतिभाग
प्रतियोगिता में गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स काॅलेज लखनऊ, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स काॅलेज सैफई इटावा के साथ ही गोरखपुर, आगरा, मेरठ, बरेली, लखनऊ, अयोध्या, आजमगढ़, मुरादाबाद, सहारनपुर, वाराणसी, झांसी, अलीगढ़, मिर्जापुर, बस्ती, देवीपाटन (गोंडा), प्रयागराज और चित्रकूटधाम (बांदा) की टीमें प्रतिभाग करेंगी।