फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: विकास का मॉडल बन चुकी है गोरक्षनगरी

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
सीएम योगी ने 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बने शहर के पांचवें कल्याण मंडपम का किया लोकार्पण
इंसेफेलाइटिस का जिक्र कर पिछली सरकारों पर कसा तंज

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास कैसे होता है, आज गोरखपुर इसका मॉडल बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज गोरखपुर और उत्तर प्रदेश में सब कुछ है।
सीएम योगी शुक्रवार को वार्ड नंबर 22 जंगल तुलसीराम की बिछिया कॉलोनी में बने शहर के पांचवें कल्याण मंडपम का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। यह कल्याण मंडपम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधायक निधि से गोरखपुर विकास प्राधिकरण की तरफ से 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
विज्ञापन

सीएम ने कहा कि आज विकास के कार्य हर स्तर पर किए जा रहे हैं। मंच पर उन्होंने राप्तीनगर विस्तार स्पोर्ट्स सिटी योजना के अंतर्गत एलआईजी और ईडब्ल्यूएस के दस लाभार्थियों को आवंटन प्रमाण पत्र वितरित किए।



मुख्यमंत्री ने कल्याण मंडपम की आवश्यकता और इसके महत्व को समझाते हुए कहा कि आज से 15-20 साल पहले तक लोग शादी-विवाह के लिए सड़क पर टेंट लगाकर आयोजन करते थे। तब आबादी कम थी, यातायात के साधन कम थे तो लोग मान जाते थे। कोई समस्या नहीं होती थी। अब घराती हो या बराती, सबको ऐसा स्थान चाहिए जिससे किसी को असुविधा न हो। हर व्यक्ति महंगे होटल या मैरिज हाउस का खर्च नहीं उठा सकता। अब होटल और मैरिज हाउस जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं कल्याण मंडपम में मिनिमम यूजर चार्ज पर उपलब्ध हो रही हैं। इतना ही नहीं कई बार एक ही दिन में हजारों शादियां होने से भी कल्याण मंडपम की उपयोगिता बढ़ रही है।
पीएम मोदी के विगत दिनों के उद्धरण का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि आज इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी नहीं है। पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारें बेइमानी करती थीं और बीमारी लाती थीं। हम लोगों ने बेइमानी को रोका है और बीमारी को पूरी तरह समाप्त किया है। जनता का दायित्व है कि शुद्धता और स्वच्छता पर ध्यान दें। गंदगी न होने दें, कूड़ा सड़क या नाली में न फेकें। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें।



नया मॉडल बन रहा बिछिया

सीएम योगी ने कहा कि पहले बिछिया की क्या स्थिति थी, सभी जानते हैं। सड़कों की समस्या थी तो जलभराव की भी। अब यहां की सड़कें ऐसी हैं कि जाम लगेगा ही नहीं। यहां से गुजरने वाला जो गोड़धोइया नाला पहले आम दिनों में कीचड़ से पटा रहता था और बरसात में जलभराव का कारण बनता था, वह जलनिकासी का मॉडल बनेगा। नाला बन जाने, एसटीपी चालू हो जाने के बाद लोग उसे देखने आएंगे। कहा कि आज हर एक तबके को आवास की सुविधा मिल रही है। राप्तीनगर विस्तार में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बन रहा है और हर तबके के लिए आवास की सुविधा भी दी जा रही है। ऐसे ही आवास की सुविधा अन्य जगहों पर भी उपलब्ध करवाई जा रही है। मानीराम के पास भी बहुत बड़ी हाउसिंग स्कीम आ रही है।



आज सब कुछ है गोरखपुर में

सीएम योगी ने कहा कि जाम से जड़ता आती है। इसलिए गोरखपुर को जाम से मुक्त बनाना है। इसके लिए गोरखपुर के लोग लगातार सहयोग कर अपना योगदान देते हैं। इसके चलते ही विकास के अच्छे परिणाम सामने आते हैं। सीएम ने कहा कि आज गोरखपुर में सब कुछ है। यहां एम्स आ गया है, मेडिकल कॉलेज सुदृढ़ हो गया है। फर्टिलाइजर कारखाना चल गया है। यहां हर तरफ अच्छी सड़कें और फोरलेन की कनेक्टिविटी है। गोरखपुर से लखनऊ, वाराणसी, नेपाल, देवरिया, कुशीनगर के लिए फोरलेन सड़कें हैं। यहां बाईपास भी बन रहे हैं। कहीं जाम नहीं लगने पाएगा। उन्होंने कहा कि अब गोरखपुर में उद्योग भी लग रहे हैं।



पर्यावरण बचाएंगे तभी आपको पर्यावरण बचाएगा

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण की सीख देते हुए कहा कि आप पर्यावरण को बचाएंगे तभी पर्यावरण आपको बचाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की हालत देखिए, वहां घुटन भरी जिंदगी हो गई है। ऐसे लगता है कि जैसे गैस चैंबर में हों। डॉक्टर बुजुर्गों, बीमार लोगों और बच्चों के लिए कहते हैं कि इन्हें घर से बाहर मत निकालिए, जबकि गोरखपुर में कितना शानदार माहौल है। कहीं कोई दिक्कत नहीं, कहीं कोई दमघोंटू माहौल नहीं। हम सबको योगदान देना होगा। गंदगी न करनी है और न ही करने देनी है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं होने देना है।

जो न माने, उसके बारे में प्रशासन को बताएं

सीएम योगी ने कहा कि रामगढ़ताल इतना अच्छा बन गया है लेकिन कुछ लोग आज भी वहां जूठे पत्तल, डिब्बे आदि डाल देते हैं। इससे गंदगी होगी, मच्छर पनपेंगे, बीमारी होगी। इन सबसे बचना चाहिए और कोई गलत कर रहा तो उसको रोकना भी चाहिए। अगर वह नहीं मानता है तो उसके बारे में प्रशासन को बताइए। जब यह दायित्व भाव हमारे मन में आएगा तब विकास होगा।



रवि किशन तो हर साल शादी करते हैं...फिल्मों में
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण मंडपम के उद्घाटन अवसर पर सांसद रवि किशन और कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास की चुटकी ली। कहा कि रवि किशन जैसी शादी मत करिएगा। वे तो हर साल शादी करते हैं... लेकिन फिल्मों में। यह सुनकर लोगों ने जमकर ठहाके लगाए। उन्होंने कहा कि अगर मांगलिक कार्यों से मंडपम खाली रहेगा तो कालीबाड़ी के बाबा की कथा भी हो सकती है।


प्रदेश को ऐतिहासिक बजट दिया सीएम योगी ने : रवि किशन
सांसद रवि किशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी ने प्रदेश के विकास और हर वर्ग के कल्याण के लिए ऐतिहासिक बजट दिया है। उनके नेतृत्व में यूपी वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। सांसद ने कहा कि माफियाराज से जूझ रहे उत्तर प्रदेश को मुख्यमंत्री योगी ने मजबूत कानून व्यवस्था से निवेश का सर्वोत्तम गंतव्य बना दिया है।
विज्ञापन

इस अवसर पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, महेंद्र पाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, दुर्गेश बजाज, पवन त्रिपाठी, राधेश्याम श्रीवास्तव, पार्षद राजेश कुमार, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें