13 नवंबर को डिलीवरी बॉय धीरेंद्र दुबे उर्फ विशाल की गोली मारकर की गई थी हत्या, परिवार वालों ने खींच लिया सन्नाटा
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया हत्या का केस, आरोपी का नहीं पता लगा सकी
सहजनवां। सीहापार डिलीवरी बॉय भूपेंद्र कुमार दुबे उर्फ विशाल (27) की हत्या की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ सकी है। घरवालों ने भी अब सन्नाटा खींच लिया है। जबकि जिस तरह से भूपेंद्र को गोली मारी गई थी, ये माना जा रहा था कि कोई पुराना बदमाश शामिल हो सकता है। लेकिन अभी तक पुलिस को कोई साक्ष्य नहीं मिल सका है। पुलिस का कहना है कि किसी खास परिचित ने गोली मारी है।
मामले में पुलिस ने एक महिला मित्र से भी पूछताछ की थी। साथ ही कई दोस्तों की लोकेशन भी निकलवाई थी। लेकिन अभी तक कोई कामयाबी नहीं मिली। कुछ दिन भूपेंद्र के परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। एक दिन पुलिस ने दिनभर उनसे पूछताछ की। इसके बाद से परिवार ने सन्नाटा खींच लिया है।
13 नवंबर 2024 की रात सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसला के पास कोमा बाग में भूपेंद्र दुबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। भूपेंद्र के माथे के बीचोबीच और कान के पास गोली मारी गई थी। उसकी बाइक बगल में खड़ी थी और चाबी भी लगी थी। इससे तय हो गया कि लूट के इरादे से नहीं बल्कि दुश्मनी में हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। सीओ गीडा रत्नेश्वर सिंह ने बताया है कि पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। बहुत जल्द आरोपी पकड़े जाएंगे।