फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिशा : लोगों ने कहा, अरे साहब! मौके पर चलकर देखिए..गांवों में व्यवस्थाओं व सुविधाओं का सूरत-ए-हाल: कैसी है दशा

Wed, 13 Nov 2024 11:23 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर
विज्ञापन
दिशा की बैठक - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में खराब सड़क, पानी और बिजली का मुद्दा छाया रहा। सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला बोले- गांवों में पाइप लाइन बिछाने के नाम पर सारी सड़कें खोद कर छोड़ दी हैं। लोगों को बहुत परेशानी हो रही है..। एक्सईएन ने सफाई दी तो विधायक ने चुनौती दी कि मौके पर चलकर देख लीजिए तो सच सामने आ जाएगा..। विधायकों ने एक-एक कर गड़बड़ियां गिनाकर जवाब मांगना शुरू किया तो अफसर बगले झांकने लगे।

विज्ञापन


तीन विधायकों ने ग्रामीण इलाकों में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क मरम्मत न कराने का आरोप लगाया। इस पर जल निगम के एक्सईएन ने आरोपों को गलत बता दिया। फिर एक विधायक ने मौके पर साथ चलने की चुनौती तक दे डाली। मंगलवार को सर्किट हाउस स्थित एनेक्सी भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान की अध्यक्षता में शुरू हुई।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसे जांच कराकर तत्काल ठीक कराएं वरना कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उठाए गए मुद्दों को अधिकारी सिर्फ कोरम न समझें। गंभीरतापूर्वक पर इस काम कराएं। अगली बैठक में इन सारे मुद्दों पर चर्चा होगी।
विज्ञापन


बैठक में सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर गांव में पाइपलाइन बिछाई जा रही हैं। जल निगम के ठेकेदार पाइपलाइन बिछाते समय सड़क की खोदाई कर रहे हैं और बाद में मरम्मत नहीं करा रहे हैं। इस पर चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी और बांसगांव के विधायक डॉ विमलेश पासवान ने भी समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि यह समस्या हर जगह है। इस पर सफाई देते हुए जल निगम के एक्सईएन ने कहा कि खोदाई के बाद सड़कों की मरम्मत करा रहे हैं। इस पर सहजनवां के विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि चलिए, मौके पर चलकर देख लीजिए, कैसी स्थिति है। इस पर एक्सईएन जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने उनवल बाईपास पर पटरी न होने की समस्या को उठाया।

विज्ञापन

दिशा की बैठक - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चिल्लूपार के विधायक ने कहा कि बनवारपार-डांडी मार्ग चलने लायक नहीं है। खखाइचखोर में 15 साल से बिजली उपकेंद्र का कार्य अधूरा है, इस पर अधिकारियों ने कहा कि बजट आ गया है। जल्द काम शुरू होगा। विधायक ने कहा कि सीधेगौर में पशु चिकित्सालय बना था, अब खंडहर हो चुका है, ऐसे तो बजट की बर्बादी हो रही है। पिपराइच के विधायक ने बिजली के लटकते तारों का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि क्या बिजली विभाग के अधिकारी हादसे का इंतजार कर रहे हैं। सर्वे कराकर तारों का टाइट किया जाना चाहिए। बिजली विभाग के एक्सईएन ने कहा कि जल्द ही तारों को टाइट करवा देंगे। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पंचायती राज मंत्रालय, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में ब्लाॅक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सर्विस लेन के मुद्दे पर फंस गए अधिकारी
बांसगांव के विधायक डॉ विमलेश पासवान ने गोरखपुर-वाराणसी मार्ग पर सर्विस लेन न बनाए जाने का मुद्दा उठाया। इस पर एनएच के अधिकारी ने कहा कि मंदिर शिफ्ट नहीं हो पा रहा है। इसलिए विलंब हुआ है। विधायक ने कहा कि जहां मंदिर नहीं है वहां क्यों नहीं बनाया गया। इसके लिए 25 करोड़ का बजट भी जारी हो चुका है। अधिकारी इस पर कोई जवाब नहीं दे सके। केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि सर्विस लेन का काम तत्काल शुरू कराएं।

बंद रहते हैं सामुदयिक शौचालय, बनाने से क्या फायदा
बैठक में ग्राम पंचायतों एवं नगर पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के बंद होने का मुद्दा उठाया गया। विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए इसे बनाया गया था, बंद रखने से क्या फायदा। इस पर केंद्रीय मंत्री ने जिला पंचायत राज अधिकारी को कार्यवाही का निर्देश दिया।

कहा कि हर हाल में सामुदायिक शौचालय खुले रहने चाहिए। अगर और जरूरत है तो ऑनलाइन आवेदन कराएं। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अन्तर्गत विभिन्न पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने निर्देश दिया कि जो भी नए आवेदन प्राप्त हो रहे हैं उनका तेजी से सत्यापन करें। योग्य लाभार्थियों को पेंशन उपलब्ध कराएं। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें