शहीद अशफाक उल्लाह खान प्राणि उद्यान गोरखपुर में मंगलवार से 7डी थियेटर की शुरुआत हो गई। पहले दिन कुल 164 लोगों ने इसका लुत्फ लिया। पहला शो सुबह 10 बजे से शुरू हुआ। थियेटर में लोगों ने कुर्सी पर बैठकर ही जंगल का नजारा लिया और रोलर कोस्टर (सीढ़ीनुमा झूला) का आनंद भी लिया।
प्राणि उद्यान के निदेशक एच राजामोहन ने बताया कि 7डी थियेटर में एक बार में कुल 48 लोग बैठ सकेंगे। सुबह पहले विधि विधान से इसकी पूजा की गई। फिर दर्शकों के लिए खोल दिया गया। पहले दिन लोगों ने वन्य जीव विषय पर आधारित की सिनेमा का लुत्फ लिया। एच राजामोहन ने बताया कि प्रयास है टिकट काउंटर और प्रवेश द्वार के पास ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इसके शुरू होने और शो के समय की सूचना भी दी जाए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार किसी प्राणि उद्यान में 7डी थियेटर शुरू किया गया है। इसमें कुर्सी पर बैठे-बैठे दर्शक ध्वनि, प्रकाश, आग, तूफान, बिजली, हवा, धुआं, बारिश, बुलबुले, बर्फबारी, गंध आदि का एहसास कर सकेंगे।