गोरखपुर जिले के सहबाजगंज में शनिवार रात महिला ने पति और सौतेले दो बेटों की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का आरोप है कि उसका पति बेटी पर बुरी नजर रखता था। उससे परेशान होकर वारदात को अंजाम देना पड़ा। दोनों बेटों को संपत्ति के लालच में आकर मार डाला।
जानकारी के मुताबिक, सहजनवां के वार्ड-पांच सहबाजगंज निवासी अवधेश (35) गुप्ता घर के पास चाट का ठेला लगाते थे। इनकी पहली पत्नी रेनू की वर्ष 2019 में कैंसर से मौत हो चुकी है। वर्ष 2020 में अवधेश ने संतकबीरनगर के धनघटा थानाक्षेत्र के गांव मझगांवा निवासी नीलम से दूसरी शादी कर ली।
नीलम के पहले पति की भी वर्ष 2012 में कैंपियरगंज में सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। शादी के बाद नीलम 12 वर्षीय बेटी के साथ अवधेश के घर आकर रहने लगी। कुछ समय बाद से ही दोनों में विवाद होने लगा। शनिवार रात करीब 1:30 बजे नीलम ने पुलिस को फोन किया।
बताया कि घर में बदमाश घुस आए थे। पति और दो बेटों आर्यन (7) और आरव (6) की हत्या कर दी है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। तीनों बेसुध थे। मगर बेटों की सांसें चल रही थीं। सभी को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इधर, अवधेश की मां सुभावती देवी ने नीलम पर शक जाहिर किया।
दर्द से कराहते मासूम के आखिरी शब्द थे ...बचा लो
सौतेली मां के हमले से घायल आर्यन दर्द से कराह रहा था। घर से मेडिकल कॉलेज तक उसकी आंखों से बेबसी के आंसू बहते रहे। गले में घाव की वजह से बोल नहीं पा रहा था। जिला अस्पताल में किसी तरह उसके मुंह से बस इतना ही निकला, मुझे बचा लो, बहुत दर्द है। इसके बाद उसका मुंह हमेशा के लिए बंद हो गया।
मासूम की इस दर्द भरी कराह से पुलिस और डॉक्टरों का भी कलेजा पसीज गया। आर्यन और आरव नीलम को मां कहते थे। दोनों उसकी गोद में खेले थे। महिला भले ही सौतेली मां हो, उसका कलेजा कैसे इतना कठोर हो जाएगा। अपनी बेटी के लिए संपत्ति का लालच पालकर मासूमों को मौत देने में जरा भी हाथ नहीं कांपे। यह सोचकर सब हैरान हैं।