गोरखपुर। पीएम श्री राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के मैदान में बुधवार को अंडर-14 मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आरव यादव की बल्लेबाजी व उत्कर्ष की गेंदबाजी की बदौलत गोरखपुर की टीम विजेता बनी।
फाइनल में देवरिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। गोरखपुर की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में नौ विकेट खोकर 110 रन बनाए। आरव यादव ने 45 रन की अहम पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवरिया की टीम गोरखपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15 ओवर में सात विकेट खोकर 72 रन ही बना पाई।
उत्कर्ष यादव ने तीन विकेट लिया, जबकि कुनाल ने दो विकेट झटके। इस तरह गोरखपुर ने 38 रन से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पीएम श्री राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान डॉ. अरुणेंद्र राय, प्रभात रंजन त्रिपाठी, चंद्रशेखर कुमार, हरिश्चंद्र यादव, अच्छेलाल आदि मौजूद रहे।