दोपहर 12 बजे पहले बूंदाबांदी और करीब पौने तीन बजे बारिश होने लगी। लगभग 15 मिनट तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई। रविवार को अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। शनिवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस था। वहीं न्यूनतम तापमान भी रविवार को 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को भी पश्चिमी विक्षोभ के चलते आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस बीच ठंडी उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से आगामी 2-3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट आने जबकि अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी की संभावना है। इसके साथ ही सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
बारिश से गेहूं, सरसों को मिलेगा लाभ
इस समय बारिश का पानी लगभग सभी फसलों के लिए फायदेमंद होगा। बेलीपार कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डाॅ. सतीश कुमार सिंह का कहना है कि इस समय बारिश से गन्ना, गेहूं, आलू, चना, सरसों, मटर, जौ, मूली आदि सभी रबी की फसलों के लिए लाभकारी रहेगा। सबसे ज्यादा फायदा देर से बोई गेहूं की फसल को मिलेगा। गेहूं की फसल के लिए नमी और तापमान में कमी जरूरी है।