गोरखपुर यूनिवर्सिटी के छात्रावास में दो गुटों में मारपीट के बीच कमरों में तोड़फोड़, आगजनी और हवाई फायरिंग में शामिल एक आरोपी को कैंट पुलिस ने बृहस्पतिवार को बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गीडा के भरसाड़ निवासी अजय कुमार के रूप में हुई हैं। कैंट इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि 17 अगस्त को यूनिवर्सिटी के छात्रावास में मारपीट व आगजनी करने की घटना हुई थी। इस दौरान आधी रात हवाई फायरिंग भी की गई थी।
पुलिस ने संत कबीर छात्रावास का कमरा नंबर-61 में आग लगाने तथा कमरा नंबर-62 व 77 में तोड़फोड़ करने के मामले में हिमांशु सिंह, अजय कुमार, सौरभ सिंह उर्फ पियूष, राहुल राय, आकाश पांडेय, अभिषेक सिंह, यशपाल सिंह व अन्य अज्ञात छात्र के विरुद्ध मुकदमा किया था। अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, मुख्य आरोपी अब भी फरार है।
आरोपी बोला मांग मनवाने के लिए किए थे घटना
पूछताछ में आरोपी अजय ने बताया कि यूनिवर्सिटी छात्रावास के बाहर स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए मैं अपने मित्र यशपाल सिंह के नेतृत्व में और अन्य छात्रों के साथ धरना प्रदर्शन व नारेबाजी कर रहा था। धरने के बाद हम लोगों की बातें वार्डन ने नहीं सुनी तो हम लोग उत्तेजित होकर अपनी बातों को मनवाने के लिए छात्रावास के कमरों में तोड़फोड़ कर आगजनी कर हवाई फायरिंग की गई थी।