कुलपति को बधाई देते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर विश्वविद्यालय को नैक का ग्रेड तो लखनऊ विश्वविद्यालय के समान ए प्लस प्लस मिला है, लेकिन स्कोर ज्यादा है। गोरखपुर विश्वविद्यालय को कुल 3.78 स्कोर मिला है, जबकि लखनऊ विवि को 3.55 स्कोर मिला था। गोरखपुर विश्वविद्यालय को वर्ष 2005 में बी प्लस प्लस ग्रेड मिला था।
नैक के सात मानकों पर मिले अंक
1 पाठ्यक्रम के पहलू 3.8
2 अध्ययन, अध्यापन और मूल्यांकन 3.6
3 शोध, नवाचार और विस्तार 3.57
4 अध्ययन के संसाधन, मूलभूत सुविधाएं 3.96
5 छात्र सहयोग और विकास 3.95
6 संचालन, नेतृत्व, प्रबंधन 3.93
7 संस्थानिक मूल्य, सर्वश्रेष्ठ परंपराएं 3.96
गुणवत्ता के नित नए प्रतिमान स्थापित करे विश्वविद्यालय : सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर विश्वविद्यालय को नैक की ए प्लस-प्लस ग्रेड हासिल होने पर ट्वीट कर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि विश्वविद्यालय परिवार और प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई। राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय ऐसे ही गुणवत्ता के नित नए प्रतिमान स्थापित करे, यही कामना है। गोरक्षपीठ के आशीर्वाद से ज्ञान की यह बगिया अपने स्थापना काल से ही समूचे पूर्वांचल को गुणवत्तापरक शिक्षा और उत्कृष्ट संस्कारों के आलोक से प्रदीप्त कर रही है। यह उपलब्धि हम सभी के लिए गर्व का विषय है। ब्यूरो
कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने कहा कि हमने देश को दिखा दिया है कि गोरखपुर में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। हमारे अंदर क्षमता हमेशा से थी, बस उसे सही दिशा देने की आवश्यकता थी।
दीक्षा भवन में मंगलवार की शाम शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्रों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि यह उपलब्धि हम लोग गोरखपुर के निवासियों को समर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने साबित कर दिया है कि यह जरूरी नहीं आप दिल्ली, कोलकाता, मुंबई के आसपास हो तभी आप अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। यह उपलब्धि कुलाधिपति के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री के आशीर्वाद तथा सभी शिक्षकों अधिकारियों, कर्मचारियों तथा छात्रों की मेहनत एवं प्रयासों से प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम का संचालन आइक्यूएसी के निदेशक प्रोफेसर अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. नंदिता सिंह, प्रो. शोभा गौड़, प्रो. जितेंद्र मिश्रा, प्रो. आनंद सेन गुप्ता, प्रो. दिनेश यादव, प्रो. रविशंकर सिंह, प्रो. राजर्षि गौर, प्रो. रजनीकांत पांडेय तथा प्रो. गोपाल प्रसाद ने भी अपने विचार रखे।
एबीवीपी, शिक्षक-कर्मचारी संगठनों ने दी बधाई
उपलब्धि हासिल होने पर कुलपति को बधाई देने वालों का तांता लग गया। कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति प्रो. राजेश सिंह से मुलाकात की। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. बीएन सिंह, राज्य विवि कर्मचारी महासंघ के कोषाध्यक्ष निर्भय नरायन सिंह, महेंद्र नाथ सिंह, सुरेंद्र यादव, हरेंद्र सिंह, अरुण श्रीवास्तव, शोभित पांडेय, अनुपमा गुप्ता, संजय यादव, संतोष पांडेय आदि मौजूद रहे। वहीं, एबीवीवी के पदाधिकारियों ने मिठाई खिलाकर प्रसन्नता जाहिर की। महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं गोविवि के कार्य परिषद सदस्य डॉ. प्रदीप राव और डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य व प्रबंधकों ने भी बधाई दी। मीडिया एंव जनसंपर्क अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि अगर पूरी टीम एक साथ काम करे तो सपने भी साकार होते हैं।
नगाड़े पर थिरके शिक्षक-विद्यार्थी
मंगलवार की शाम को बधाई समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षकों एवं छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर कुलपति को माला पहनाया। यहां ढोल-नगाड़े पर सभी ने नृत्य किया। विद्यार्थियों ने पटाखे जलाकर खुशी का इजहार किया।