गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा देकर निकलते विद्यार्थी।
- फोटो : अमर उजाला।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षाएं शुरू हो गईं। परीक्षा के पहले ही दिन चोरों ने हाथ साफ कर दिया और एक मोबाइल व दो हेलमेट उड़ा लिए। छात्रों ने इसकी सूचना नियंता कार्यालय और विश्वविद्यालय पुलिस चौकी पर दी है।
परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में वाहन और बैग आदि लेकर जाना प्रतिबंधित है। सुबह नौ बजे से परीक्षा शुरू हुई तो कुछ छात्रों ने अपने मोबाइल और बैग को साथियों के स्कूटी में रख दिए। इसी तरह कुछ छात्र स्टैंड परिसर में बाइक पर हेलमेट लगाकर परीक्षा देने चले गए।
परीक्षा खतम होने पर जब परीक्षार्थी बाहर निकले तो एक छात्र का मोबाइल चोरी हो गया था। चोरों ने स्कूटी का डिग्गी खोलकर मोबाइल निकाल लिया। वहीं दो परीक्षार्थियों के हेलमेट भी गायब थे।
बता दें कि विश्वविद्यालय में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर थर्मल स्क्रिनिंग के बाद ही सभी को प्रवेश दिया गया। सैनिटाइजर की भी व्यवस्था हुई थी। कुछ विद्यार्थियों के पास मास्क नहीं थे। उन्हें केंद्र पर ही मास्क दिया गया। स्नातक प्रवेश परीक्षा के समन्वयक प्रो. राजवंत राव ने बताया कि बीकॉम प्रवेश परीक्षा भी विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न केंद्रों पर संपन्न होगी जिसमें कुल 5049 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
हर केंद्र पर मौजूद रहा नियंता मंडल
परीक्षा में शांतिपूर्ण व्यवस्था के लिए हर केंद्र पर नियंता मंडल मौजूद रहा। मुख्य नियंता प्रो. प्रदीप यादव, डॉ. प्रवीन सिंह सहित अन्य सदस्य मुख्य द्वार से लेकर केंद्रों तक लगातार निगरानी करते रहे। परिसर में प्रवेश कर रहे कुछ छात्र नेताओं और अभिभावकों को उन्होंने बाहर ही रोक दिया।